Prabhas Mandal Encounter: पश्चिम बंगाल के बरुईपुर में 12 साल की बच्ची से बलात्कार और हत्या के आरोपी प्रभास मंडल की पुलिस एनकाउंटर में मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी की मां का चौंकाने वाला बयान सामने आया है उन्होंने कहा कि बेटे को उसके कर्मों की सजा मिल गई है और वह उसका शव लेने नहीं जाएंगी।
प्रभास मंडल की मां ने कहा, ‘मेरा बेटा अच्छा काम नहीं कर रहा था। उसने बहुत गलत किया। अब उसे अपनी सजा मिल गई है। मैं उसकी बॉडी लेने नहीं जाऊंगी और न ही घर लाऊंगी। पुलिस जो सही समझे, वो करे। मुझे कोई दिक्कत नहीं है।’
उन्होंने बताया कि बुधवार सुबह दो पुलिसकर्मी उनके घर आए। उन्होंने बताया कि बेटा मर गया है और पूछा कि क्या वह अस्पताल जाना चाहती हैं। मां ने कहा कि वह नहीं जा सकतीं क्योंकि उनके पति बीमार हैं उन्होंने किसी भी तरह की शिकायत या अपील करने से इनकार कर दिया।
एनकाउंटर की पूरी घटना
पुलिस के अनुसार, 8 जुलाई की रात करीब 12:45 बजे आरोपी प्रभास मंडल को क्राइम सीन रिक्रिएट कराने के लिए बरुईपुर पुलिस टीम सूर्यापुर ले गई थी। रिक्रिएशन के दौरान प्रभास ने अचानक एक पुलिसकर्मी का हथियार छीन लिया और उन पर गोली चला दी फिर भागने की कोशिश की। पुलिस ने जवाबी फायरिंग की जिसमें प्रभास घायल हो गया। उसे तुरंत बरुईपुर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। दक्षिण 24 परगना के पुलिस अधीक्षक ने इसकी पुष्टि की है।
मामला क्या था ?
4 जुलाई की शाम 6 बजे 12 वर्षीय बच्ची घर से लापता हो गई।
5 जुलाई को उसका शव बरुईपुर इलाके के एक तालाब से बरामद किया गया।
पोस्टमॉर्टम में बलात्कार और हत्या की पुष्टि हुई।
मामले की गंभीरता को देखते हुए शुभेंदु सरकार ने विशेष जांच टीम (SIT) गठित की थी।
इस जघन्य अपराध ने पूरे बरुईपुर इलाके में आक्रोश पैदा कर दिया था। आरोपी की मां का बयान कई लोगों के लिए अप्रत्याशित था। सामान्य रूप से परिवार शव लेने के लिए आगे आते हैं लेकिन इस मामले में मां ने साफ कहा कि बेटे ने जो किया, उसकी सजा उसे मिल गई। पुलिस अब पूरे मामले की जांच कर रही है और रिपोर्ट तैयार कर रही है।











