नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Modi) ने शनिवार को उत्तर प्रदेश के जेवर में स्थित नोयडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट के पहले चरण का उद्घाटन किया। चारों चरण पूरे होने के बाद यह एयरपोर्ट एशिया का सबसे बड़ा हवाईअड्डा बनने का दावा किया जा रहा है।
एयरपोर्ट के पहले फेज का निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इस चरण में करीब 3300 एकड़ जमीन पर टर्मिनल और रनवे का निर्माण किया गया है। यहां से हर साल लगभग 1.2 करोड़ यात्रियों के सफर करने की क्षमता होगी। इस परियोजना पर करीब 11 हजार करोड़ रुपये खर्च किए गए हैं।
उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि एक समय ऐसा था जब अंधविश्वास के कारण नोएडा को उसके हाल पर छोड़ दिया गया था। उन्होंने कहा कि पहले के सत्ताधारी कुर्सी जाने के डर से यहां आने से भी कतराते थे।
प्रधानमंत्री ने कहा कि जब वे पहली बार नोएडा आने वाले थे, तब राज्य में समाजवादी पार्टी की सरकार थी। उस समय के मुख्यमंत्री अखिलेश पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि वे कार्यक्रम में शामिल होने से भी डर गए थे और उन्हें भी नोएडा न आने की सलाह दी गई थी।
मोदी ने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश को ‘लूट का एटीएम’ बना दिया था। उन्होंने कहा कि जब केंद्र में उनकी सरकार बनी तब राज्य में सपा की सरकार थी और शुरुआती वर्षों में जेवर एयरपोर्ट परियोजना को आगे नहीं बढ़ने दिया गया।
प्रधानमंत्री के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में भाजपा सरकार बनने के बाद इस परियोजना को गति मिली, एयरपोर्ट की नींव रखी गई और अब इसका पहला चरण शुरू हो गया है। नोएडा एयरपोर्ट शुरू होने से पश्चिमी उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र में कनेक्टिविटी बेहतर होगी और क्षेत्र में निवेश, रोजगार तथा औद्योगिक विकास को भी बढ़ावा मिलेगा।
यह भी पढ़ें: Coal block scam: आरोप साबित करने में CBI फेल, पूर्व कोयला सचिव गुप्ता और पूर्व सांसद दर्डा समेत चार बरी











