NHM की हड़ताल खत्म… 4 मांगे सरकार ने मानी, 3 के लिए कमेटी, संविलियन, पब्लिक हेल्थ कैडर और आरक्षण पर फैसला सरकार का

September 19, 2025 11:09 PM
NHM

रायपुर। संविलियन और नियमितीकरण की मांगों को लेकर 18 अगस्त से आंदोलन कर रहे राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन (NHM) ने शुक्रवार को हड़ताल स्थगित कर दी है। सरकार ने 4 मांगे मान ली गई हैं। तीन मांगों के लिए कमेटी बनाई गई है। इसके अलावा नियमितीकरण सहित तीन अहम मांगों का फैसला सरकार करेगी।

हड़ताल स्थगित करने के बाद एनएचएम संघ के पदाधिकारी स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल से मिले। इसके बाद स्वास्थ्य मंत्री अपने साथ पदाधिकारियों को मुख्यमंत्री निवास ले गए। वहां मुख्यमंत्री विष्णु देव साय से मुलाकात कर मांगे पूरी होने पर आभार जताया।

NHM कर्मचारियों के मुख्यमंत्री साय से मुलाकात के दौरान स्वास्थ्य मंत्री और भाजपा अध्यक्ष किरण सिंह देव भी मौजूद थे।

मानी गई अहम मांगों में 27 फीसदी वेतन वृद्धि है, जिसमें 5 फीसदी वेतन वृद्धि को सहमति मिल गई है। 22 फीसदी पहले ही बढ़ा दी गई थी, जिसमें अब 5 फीसदी बढ़ाकर 27 फीसदी कर दी गई। जुलाई 2023 से यह वेतन वृद्धि होगी। इसके अलावा 30 दिनों का वैतनिक अवकाश की मांग पूरी हो गई है। वार्षिक कार्य मूल्यांकन यानी CR सिस्टम में पारदर्शिता, कैशलेस चिकित्सा बीमा 5 लाख तक की मांग मानी गई है।

3 अन्य मांगों के लिए सरकार करेगी कमेटी का गठन करेगी। इसमें ग्रेड पे निर्धारण, अनुकंपा नियुक्ति और स्थानांतरण की मांग के लिए एक कमेटी गठित की जाएगी, जो तीन महीने में रिपोर्ट सौंपेगी।

इसके अलावा तीन अन्य मांगें जिसमें अहम मांग नियमितीकरण, पब्लिक हेल्थ कैडर की स्थापना और रेगुलर भर्ती में सीटों का आरक्षण को लेकर अभी कोई सहमति नहीं बनी है। इसका फैसला सरकार करेगी। कैबिनेट में इस पर चर्चा हो सकती है।

हड़ताल खत्म होने के बाद मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा, ‘एनएचएम कर्मचारियों द्वारा हड़ताल समाप्त करने का निर्णय सराहनीय और स्वागतयोग्य है। हमारी सरकार प्रत्येक कर्मचारी को परिवार का हिस्सा मानती है और उनकी जायज़ मांगों के प्रति सदैव संवेदनशील रही है।’

मुख्यमंत्री ने आगे लिखा, ‘जनता का स्वास्थ्य हमारे लिए सबसे बड़ी प्राथमिकता है। मुझे विश्वास है कि सरकार और कर्मचारियों के सामूहिक प्रयास से प्रदेश की जनता को सुलभ एवं उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाएँ उपलब्ध होंगी तथा हम सब मिलकर छत्तीसगढ़ को और बेहतर, स्वस्थ व उज्ज्वल भविष्य की ओर अग्रसर करेंगे।’

स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने शुक्रवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस में बताया कि सरकार ने कर्मचारियों की 10 सूत्रीय मांगों में से 4 मांगों को स्वीकार कर लिया है। वहीं 3 मांगों पर समिति गठित की गई है और बाकी 3 मांगों पर उच्च स्तरीय चर्चा जारी है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस में मंत्री ने हड़ताल कर रहे कर्मचारियों को अंतिम चेतावनी दी थी। उन्होंने कहा था कि यदि सभी कर्मचारी शुक्रवार शाम तक काम पर वापस नहीं लौटे तो सरकार नई भर्ती प्रक्रिया शुरू करेगी। सोमवार को सरकार विज्ञापन निकालने की तैयारी में थी। उससे पहले ही एनएचएम कर्मचारी संघ के पदाधिकारी स्वास्थ्य मंत्री से मिले और अपने फैसले के बारे में बताया।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। 2022 से दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर के तौर पर काम किया है। इस दौरान स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन खबरें लिखीं। दैनिक भास्‍कर से पहले नवभारत, नईदुनिया, पत्रिका अखबार में 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now