छत्तीसगढ़ सरकार को हाई कोर्ट के नोटिस के बाद NEET PG मेडिकल काउंसलिंग स्थगित

NEET PG

रायपुर। छत्तीसगढ़ में 2025-26 सत्र के लिए चल रही NEET PG मेडिकल काउंसलिंग को स्थगित कर दिया गया है। चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने आधिकारिक आदेश जारी कर इसकी पुष्टि की है। छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट ने बुधवार को इस संबंध में सुनवाई करते हुए छत्तीसगढ़ सरकार को नोटिस जारी किया था, जिसके बाद यह आदेश आया है।

चिकित्सा शिक्षा विभाग द्वारा जारी आदेश

छत्तीसगढ़ में पीजी के 50 फीसदी ऑल इंडिया कोटा को 75 फीसदी करने के फैसले को लेकर पहले से ही जबरदस्त विरोध चल रहा था। छात्र संगठनों और डॉक्टरों का आरोप है कि इससे राज्य के स्थानीय अभ्यर्थियों के अधिकारों में कटौती की गई है।

मामले की सुनवाई के दौरान कोर्ट ने स्पष्ट किया कि सरकारी मेडिकल कॉलेजों में पहले से ही 50 फीसदी ऑल इंडिया कोटा और 50 फीसदी इंस्टीट्यूशनल प्रेफरेंस लागू था, इसे और कम नहीं किया जाना चाहिए था।

छत्तीसगढ़ हाई कोर्ट में इस मामले में सुनवाई हुई।

खबर आ रही है कि केवल राज्य काउंसलिंग ही नहीं, बल्कि ऑल इंडिया PG सेकेंड स्टेज काउंसलिंग को भी फिलहाल रोक दिया गया है। इससे हजारों मेडिकल छात्रों की आगे की प्रवेश प्रक्रिया अटक गई है।

कोर्ट ने यह भी टिप्पणी की कि उसका आदेश प्राइवेट मेडिकल कॉलेजों को ध्यान में रखकर दिया गया था।

फिलहाल कोर्ट ने इस पूरे मामले में फैसला 16 दिसंबर तक के लिए सुरक्षित रख लिया है।

विभागीय आदेश के मुताबिक, पहले राउंड का सीट आवंटन, जो 10 दिसंबर 2025 को प्रस्तावित था, उसे अपरिहार्य कारणों से अगले आदेश तक टाल दिया गया है।

चिकित्सा शिक्षा संचालनालय ने स्पष्ट किया है कि आगे की प्रक्रिया और नई तारीखों को लेकर अभ्यर्थियों को आधिकारिक वेबसाइट पर नियमित रूप से अपडेट देखने की सलाह दी जाती है।

यह भी पढ़ें : छत्तीसगढ़ PG मेडिकल सीट विवाद : हाईकोर्ट ने सरकार को नोटिस जारी किया, दो दिन में जवाब मांगा, काउंसलिंग पर ब्रेक

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories