लेंस डेस्क। मेघालय के पूर्वी जयंतिया हिल्स जिले के मिसिंगेट-थांग्स्को क्षेत्र में गुरुवार को एक अवैध कोयला खदान में डायनामाइट से हुए भीषण विस्फोट में 10 मजदूरों की मौत हो गई। हादसे में एक व्यक्ति बुरी तरह झुलस गया है, जिसे इलाज के लिए शिलांग रेफर किया गया है।
पुलिस अधीक्षक विकास कुमार ने मीडिया को बताया कि घटनास्थल से अब तक चार शव बरामद निकाले गए हैं। यह खदान दूर इलाके में होने के कारण बचाव कार्य चुनौतीपूर्ण हैं। राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (SDRF) और दमकल टीमों को मौके पर भेजा गया।
अधिकारियों का कहना है कि पहाड़ी का एक हिस्सा धंसने से और भी खनिक मलबे में फंसे हो सकते हैं, इसलिए मृतकों की संख्या में इजाफा होने की आशंका बनी हुई है। मृतकों की अभी तक पहचान नहीं हो पाई है।
इसी थांग्स्को इलाके में दिसंबर 2025 में भी डायनामाइट विस्फोट से दो मजदूर मारे गए थे। इसके अलावा जनवरी में असम के होजाई जिले में भी ऐसी ही एक अवैध खदान में हादसा हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई थी।











