पटना। बिहार के चर्चित शिक्षक Khan Sir की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। फायरिंग मामले में FIR दर्ज होने के बाद अब उनके संस्थान ‘खान ग्लोबल स्टडीज’ में फायर सुरक्षा नियमों का बड़ा उल्लंघन सामने आया है। बिहार फायर सर्विस विभाग ने साफ चेतावनी दी है कि अगर 15 दिनों के अंदर सभी कमियों को दूर नहीं किया गया तो कोचिंग संस्थान को सील कर दिया जाएगा।
बिहार फायर सर्विस के डीआईजी मनोज कुमार नट ने मीडिया को बताया कि छात्रों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए कोचिंग संस्थानों की विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है। खान सर के संस्थान की संयुक्त जांच में कई गंभीर कमियां पाई गईं, जिसके बाद आधिकारिक नोटिस जारी किया गया था। इनमें अग्निशमन उपकरणों की कमी निकास द्वारों की अनुपलब्धता और अन्य सुरक्षा मानकों का पालन न करना शामिल है।
विभाग का कहना है कि तय समय-सीमा में सुधार न होने पर सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। हाल ही में दिल्ली और मुजफ्फरपुर में हुए भीषण अग्निकांड के बाद पूरे बिहार में फायर विभाग अलर्ट मोड पर है। पटना में भी कार्रवाई तेज कर दी गई है। इसी क्रम में कंकड़बाग का एडवांस पटना सेंट्रल अस्पताल, राजेंद्र नगर के आरोग्य वरदान और पिनाकल अस्पताल, अशोक नगर के श्यामा ट्रस्ट और एपेक्स अस्पताल को सील करने के आदेश दिए गए हैं। साथ ही तीन बड़े होटलों को भी सुरक्षा मानकों का पालन न करने पर सील करने का निर्देश जारी हुआ है।
ये पूरा मामला 2 जून को मुसल्लहपुर हाट इलाके में खान ग्लोबल स्टडीज के मुख्य द्वार पर हुई मारपीट और तोड़फोड़ से शुरू हुआ था। खान सर ने आरोप लगाया था कि कम फीस लेने के कारण प्रतिद्वंद्वी कोचिंग संचालक उनसे रंजिश रखते हैं। पुलिस ने शुरू में ज्ञान बिंदु एकेडमी के डायरेक्टर रौशन आनंद को गिरफ्तार भी किया था लेकिन बाद में सामने आए वीडियो में खान सर के दो निजी गार्ड हवाई फायरिंग करते दिखे।
पूछताछ में दोनों गार्डों ने कबूल किया कि उन्होंने खान सर के निर्देश पर ही गोलियां चलाई थीं। इसके बाद खान सर के खिलाफ गैर-जमानती धाराओं में केस दर्ज किया गया फिलहाल खान सर फरार बताए जा रहे हैं। फायर सेफ्टी की लापरवाही और फायरिंग मामले ने मिलकर खान सर के संस्थान को दोहरी चुनौती दी है।









