राजित गुप्ता ने हासिल की JEE एडवांस्ड AIR 1, कोटा की बादशाहत कायम, टॉप 10 में 4 कोटा स्टूडेंट, काउंसलिंग के पहले रखे इन बातों का ध्यान

June 2, 2025 1:58 PM
JEE ADVANCED 2025

द लेंस डेस्क। देश की सबसे प्रतिष्ठित इंजीनियरिंग प्रवेश परीक्षा JEE ADVANCED 2025 के परिणाम आज 2 जून 2025 को घोषित हो गए। इस बार शिक्षा नगरी कोटा ने फिर साबित किया कि वह देश में जेईई की तैयारी का गढ़ है। कोटा के राजित गुप्ता ने ऑल इंडिया रैंक (AIR) 1 हासिल कर पूरे शहर का नाम रोशन किया। कोटा फैक्ट्री से टॉप-10 के चार छात्रों ने जगह बनाई है।

कोटा की बादशाहत कायम, टॉप 10 में 4 छात्र

जेईई एडवांस्ड 2025 में कोटा के छात्रों ने शानदार प्रदर्शन किया। राजित गुप्ता ने AIR 1, सक्षम जिंदल ने AIR 2, अक्षत ने AIR 6 और देवेश ने AIR 8 हासिल की। टॉप-50 और टॉप-100 रैंकों में भी कोटा के छात्रों का दबदबा रहा। सभी टॉपर्स ने कोटा के प्रसिद्ध कोचिंग संस्थानों से अपनी तैयारी की थी।
कोटा के कोचिंग संस्थानों ने एक बार फिर साबित किया कि वे जेईई की तैयारी में देश में बेजोड़ हैं। टॉप-10 में चार रैंक के साथ कोटा ने अपनी बादशाहत कायम रखी।

कौन हैं राजित गुप्ता?

कोटा के महावीर नगर-III निवासी राजित गुप्ता ने 332 अंक हासिल किए। उनके पिता दीपक गुप्ता बीएसएनएल में इंजीनियर हैं और 1994 में राजस्थान प्री-इंजीनियरिंग टेस्ट (RPET) में 48वीं रैंक ला चुके हैं। उनकी मां डॉ. श्रुति अग्रवाल जेडीबी गर्ल्स कॉलेज में प्रोफेसर हैं। राजित ने अपनी सफलता का राज मीडिया को बताते हुए कहा “मैंने हर गलती से सबक लिया और उन्हें दोहराया नहीं। गलतियां सुधारने से ही मेरे सब्जेक्ट्स की नींव मजबूत हुई। मेरा सफलता का मंत्र है खुश रहना। मैं हर हाल में खुश रहता हूं और मौका मिले तो कॉलोनी के बच्चों के साथ खेलता हूं।”

राजित ने बताया कि उन्होंने कभी सख्त शेड्यूल नहीं बनाया। “सख्त शेड्यूल से अनावश्यक दबाव पड़ता है। मैं जब मन करता, तभी पढ़ता, लेकिन जितना पढ़ता, पूरे फोकस के साथ। डाउट्स क्लियर करने के बाद ही मैं अगले टॉपिक पर जाता था।”

सक्षम जिंदल: क्रिकेटर से जेईई टॉपर तक

हरियाणा के हिसार निवासी सक्षम जिंदल ने AIR 2 हासिल की। सक्षम न केवल पढ़ाई में अव्वल हैं, बल्कि अंडर-14 डिस्ट्रिक्ट लेवल क्रिकेट भी खेल चुके हैं। उनकी मेहनत और खेल के प्रति जुनून ने उन्हें इस मुकाम तक पहुंचाया।

जेईई एडवांस्ड 2025: महत्वपूर्ण जानकारी

इस बार जेईई एडवांस्ड का आयोजन आईआईटी कानपुर ने किया था। 18 मई 2025 को दो पारियों में आयोजित इस परीक्षा में देश की 23 आईआईटी की 17,740 सीटों के लिए 2.50 लाख छात्रों ने हिस्सा लिया जो जेईई मेन में क्वालिफाई हुए थे। आईआईटी कानपुर ने कटऑफ लिस्ट और टॉपर्स की सूची भी जारी कर दी है।

सिर्फ रैंक से नहीं मिलता आईआईटी में दाखिला

जेईई एडवांस्ड में टॉप रैंक हासिल करना ही काफी नहीं है। आईआईटी में दाखिले के लिए कुछ जरूरी शर्तें पूरी करनी होंगी। आईआईटी कानपुर ने दाखिले के लिए योग्यता मानदंड साझा किए हैं जो जोसा काउंसलिंग 2025 से पहले जानना जरूरी है।

IIT में दाखिले की शर्तें

कैंडिडेट्स को निम्नलिखित दो में से एक मानदंड पूरा करना होगा:
12वीं बोर्ड में न्यूनतम अंक: 12वीं या समकक्ष परीक्षा में कम से कम 5 विषयों के साथ 75% अंक (SC/ST/दिव्यांग के लिए 65%)।
टॉप 20 परसेंटाइल: 12वीं या समकक्ष परीक्षा में 5 विषयों के साथ अपनी कैटेगरी की टॉप 20 परसेंटाइल में शामिल होना।
नोट: 12वीं की मार्कशीट एक ही बोर्ड से होनी चाहिए। अलग-अलग बोर्ड की मार्कशीट मान्य नहीं होगी।

12वीं बोर्ड के अंकों की शर्तें

अगर आपने 2024 में 12वीं की परीक्षा दी और 2025 में इंप्रूवमेंट एग्जाम नहीं दिया, तो 2024 के अंक मान्य होंगे।
अगर 2025 में इंप्रूवमेंट एग्जाम दिया, तो दोनों में से बेहतर अंक गिने जाएंगे।
2023 में 12वीं पास करने वाले छात्र, जिनका रिजल्ट 28 जून 2023 या बाद में आया, उन पर भी यही नियम लागू होंगे।
टॉप 20 परसेंटाइल के लिए फीजिक्स, केमिस्ट्री, मैथ्स, एक लैंग्वेज सब्जेक्ट और एक अतिरिक्त विषय (जिसमें सबसे ज्यादा अंक हों) के नंबर जोड़े जाएंगे।
अगर बोर्ड केवल ग्रेड देता है, तो समतुल्य अंकों का सर्टिफिकेट बोर्ड से लेना होगा।

12वीं के समकक्ष मान्यता प्राप्त परीक्षाएं

केंद्रीय/राज्य बोर्ड द्वारा आयोजित 10+2 की फाइनल परीक्षा।
AIU द्वारा मान्यता प्राप्त इंटरमीडिएट या प्री-यूनिवर्सिटी परीक्षा।
NIOS की सीनियर सेकेंडरी परीक्षा (5 विषयों के साथ)।
AICTE/राज्य बोर्ड द्वारा मान्यता प्राप्त 3 साल का डिप्लोमा।
GCE (A लेवल), कैंब्रिज हाई स्कूल सर्टिफिकेट या इंटरनेशनल बैकालॉरिएट (IB) डिप्लोमा।
महत्वपूर्ण: अगर 12वीं की परीक्षा पब्लिक एग्जाम नहीं थी, तो कैंडिडेट को पहले एक पब्लिक (बोर्ड/प्री-यूनिवर्सिटी) परीक्षा पास करनी होगी।

जोसा काउंसलिंग से पहले रखें ध्यान

जेईई एडवांस्ड में शानदार रैंक के बावजूद दाखिला तभी मिलेगा, जब आप इन शर्तों को पूरा करेंगे। जोसा काउंसलिंग 2025 में हिस्सा लेने से पहले इन मानदंडों को ध्यान से पढ़ लें। अगर आप भविष्य में जेईई की तैयारी कर रहे हैं तो इन नियमों को अभी से समझ लेना आपके लिए फायदेमंद होगा।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now