ननकी राम कंवर को किया गया हाउस अरेस्ट, धरना देने से रोकने की कोशिशें जारी, बेटा भी मनाने पहुंचा, देखें वीडियो…

October 4, 2025 12:03 PM

रायपुर। छत्तीसगढ़ के पूर्व गृह मंत्री और वरिष्ठ भाजपा नेता ननकी राम कंवर (Nanki Ram Kanwar) को मुख्यमंत्री निवास के सामने धरना देने से रोकने की हर संभव कोशिश हो रही है। श्री कंवर का बेटा भी उन्हें मनाने पहुंच गया है। उन्हें एम्स के पास हाउस अरेस्ट किया गया है। वे अफसरों पर भड़क गए हैं। इसके अलावा जिला प्रशासन के कई अफसर उन्हें सुबह से ही मनाने में लगे हुए हैं। कोरबा के अफसर भी रायपुर पहुंच गए हैं।

ननकी राम कंवर को रोकने को कोशिश

दिग्गज भाजपा नेता कंवर के रायपुर पहुंचते ही उन्हें रोकने की कोशिश शुरू हो गई थी।

ननकी राम कंवर स्टेशन से जेल रोड स्थित एक रेस्टोरेंट में खाना खाने पहुंचे और वहां से अपने एक परिचित के निवास पर गए। यहीं उनकी घेराबंदी शुरू हो गई।

एक व्यक्ति जो अपने आप को श्री कंवर का नाती बता रहा था, जिसके बारे में यह भी बताया गया कि वह सरकार के किसी उच्च पदस्थ व्यक्ति का करीबी रिश्तेदार है,श्री कंवर को गरमा गर्मी के अंदाज में मीडिया से बात करने से भी रोकने लगा।

उसके इस रवैये पर अनेक लोगों के बीच ही ननकी राम कंवर भड़क गए और उन्होंने उस व्यक्ति को लगभग धक्का देकर दूर किया। लोग उस व्यक्ति का यह अंदाज देखकर भौंचक थे। ये वहां लोगों को अपने प्रभावशाली होने की बात कह रहा था। यह भी कह रहा था कि मैं इनका(श्री कंवर का) नाती हूं।

यह व्यक्ति वहां श्री कंवर के अन्य करीबियों से भी बदसलूकी वाले अंदाज में पेश होता नजर आया। जब श्री कंवर ने उसे धक्का दिया तब वह व्यक्ति यह कहता सुनाई दिया कि मैं तो आपका बच्चा हूं मुझे जूते से मारो।

वह व्यक्ति श्री कंवर को अपने साथ बैठा कर अन्यत्र ले जाने में सफल रहा। इन पंक्तियों के लिखे जाने तक स्पष्ट नहीं हुआ कि श्री कंवर धरना देने के अपने फैसले पर अडिग हैं या नहीं। लेकिन, कोरबा से रवाना होने से पहले ननकी राम कंवर ने एक बयान जारी किया था जिसमें उन्होंने कहा था कि कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत के खिलाफ वह 4 अक्टूबर को शनिवार को मुख्यमंत्री निवास के सामने धरने पर बैठेंगे।

श्री कंवर ने कहा कि उन्हें मीडिया के माध्यम से यह जानकारी मिली कि सरकार उनकी शिकायतों की जांच करवा रही है। लेकिन, उन्होंने कहा कि वह मीडिया पर विश्वास नहीं करते। उनसे किसी भी मंत्री या मंत्रालय के किसी भी वरिष्ठ अधिकारी ने कोई संपर्क नहीं किया।

इस बयान के बाद जब वे रायपुर पहुंचे तो जो घटनाक्रम सामने आया उसे देखते हुए यह समझ आया कि श्री कंवर को रोकने की कोशिश हो रही है। लेकिन, श्री कंवर के ही के एक अत्यंत करीबी व्यक्ति ने द लेंस से कहा कि श्री कंवर ने ठान लिया है तो वह शनिवार को धरने पर बैठेंगे ही।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। 2022 से दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर के तौर पर काम किया है। इस दौरान स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन खबरें लिखीं। दैनिक भास्‍कर से पहले नवभारत, नईदुनिया, पत्रिका अखबार में 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now