वित्तीय लेनदेन और पद के दुरुपयोग के आरोप में DSP कल्पना वर्मा सस्पेंड, गृह विभाग ने जारी किया आदेश

February 6, 2026 12:06 AM
DSP Kalpana Verma

रायपुर। छत्तीसगढ़ शासन ने दंतेवाड़ा जिले में पदस्थ डीएसपी कल्पना वर्मा (DSP Kalpana Verma) को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। इस संबंध में गृह विभाग ने आदेश जारी कर दिया है। प्रारंभिक जांच में उनके खिलाफ गंभीर आरोप सामने आने के बाद शासन ने यह कार्रवाई की है।

जारी आदेश के अनुसार, शिकायत की प्राथमिक जांच में डीएसपी कल्पना वर्मा पर वित्तीय लेनदेन से जुड़े आरोप, जांच के दौरान दिए गए कथनों और व्हाट्सएप चैट में विरोधाभास, कर्तव्य के दौरान अवैध आर्थिक लाभ प्राप्त करने, अपने पद का दुरुपयोग करने और अनुपातहीन संपत्ति अर्जित करने जैसे गंभीर आरोप सामने आए हैं। शासन ने इन कृत्यों को छत्तीसगढ़ सिविल सेवा (आचरण) नियम, 1965 के नियम-3 के विपरीत माना है।

निलंबन अवधि के दौरान डीएसपी कल्पना वर्मा का मुख्यालय पुलिस मुख्यालय, नवा रायपुर निर्धारित किया गया है। साथ ही, उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा।

1475 पन्नों की जांच रिपोर्ट में हुए थे अहम खुलासे

गौरतलब है कि डीएसपी कल्पना वर्मा और रायपुर के कारोबारी दीपक टंडन से जुड़े विवाद की जांच के दौरान कई गंभीर तथ्य सामने आए थे। शासन के निर्देश पर एडिशनल एसपी स्तर के अधिकारी द्वारा कराई गई जांच की करीब 1475 पन्नों की विस्तृत रिपोर्ट तैयार कर शासन को सौंपी गई थी।

इस जांच रिपोर्ट में डीएसपी वर्मा और कारोबारी दीपक टंडन के बीच हुई व्हाट्सएप चैट का उल्लेख है। रिपोर्ट के अनुसार, इन चैट्स में पुलिस विभाग से जुड़ी संवेदनशील और गोपनीय जानकारियों के साझा किए जाने के तथ्य सामने आए हैं, जो खुफिया जानकारी लीक करने जैसे गंभीर अपराध की श्रेणी में आते हैं।

जांच रिपोर्ट के आधार पर शासन ने कार्रवाई करते हुए डीएसपी कल्पना वर्मा को निलंबित कर दिया है। बताया जा रहा है कि रिपोर्ट में कई बिंदुओं पर अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की गई थी, जिसके बाद यह कदम उठाया गया है।

यह भी पढ़ें : डीएसपी पर शादी का झांसा देकर ठगी का आरोप लगाने वाले कारोबारी के खिलाफ जारी हुआ गिरफ्तारी वारंट

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। 2022 से दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर के तौर पर काम किया है। इस दौरान स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन खबरें लिखीं। दैनिक भास्‍कर से पहले नवभारत, नईदुनिया, पत्रिका अखबार में 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now