इंडिगो क्राइसिस के बाद DGCA ने लिया एक्शन, अपने ही चार इंस्पेक्टर्स को किया बर्खास्त,जानिये क्या थी वजह

December 12, 2025 12:02 PM

नई दिल्ली। इंडिगो एयरलाइंस के हालिया ऑपरेशनल संकट के बीच नागरिक उड्डयन महानिदेशालय (DGCA) ने बड़ा कदम उठाया है। एयरलाइंस की सुरक्षा और संचालन पर नजर रखने वाले चार फ्लाइट ऑपरेशंस इंस्पेक्टर्स (FOI) को तुरंत प्रभाव से उनके पद से हटा दिया गया है। यह कार्रवाई प्रारंभिक जांच में निगरानी संबंधी गंभीर कमियों के सामने आने के बाद की गई है।

हटाए गए इंस्पेक्टर्स के नाम हैं – ऋष राज चटर्जी, सीमा झमनानी, अनिल कुमार पोखरियाल और प्रियम कौशिक। ये सभी अधिकारी कॉन्ट्रैक्ट पर DGCA में कार्यरत थे और इंडिगो के ऑपरेशंस की विशेष निगरानी करते थे। 11 दिसंबर को जारी ऑफिस ऑर्डर में DGCA ने उन्हें उनके मूल संगठन में वापस भेजने का आदेश दिया है।

पिछले कुछ हफ्तों में इंडिगो की हजारों उड़ानें रद्द होने से यात्रियों को भारी परेशानी हुई। इसका मुख्य कारण नए फ्लाइट ड्यूटी टाइम लिमिटेशन (FDTL) नियमों को लागू करने में क्रू की कमी और खराब प्रबंधन रहा। DGCA को शक था कि इंडिगो की निगरानी ठीक से नहीं हो रही थी। एक विशेष टीम ने इन इंस्पेक्टर्स की जिम्मेदारियों, रिपोर्टिंग और पिछले महीनों की गतिविधियों की जांच की। जांच में कई अनियमितताएं और चूक पाई गईं जैसे उड़ानों की नियमित जांच, सुरक्षा व्यवस्था की समीक्षा, क्रू मैनेजमेंट और शेड्यूलिंग में लापरवाही। इसी आधार पर यह सख्त फैसला लिया गया।

DGCA का मानना है कि इंडिगो में नए FDTL नियमों, क्रू उपलब्धता और ऑपरेशनल मैनेजमेंट के संकट के बीच निगरानी की जिम्मेदारी और बढ़ गई थी। इन इंस्पेक्टर्स का काम था कि एयरलाइंस सुरक्षा मानकों का पूरी तरह पालन करे।इंडिगो संकट में यह DGCA की पहली बड़ी आंतरिक कार्रवाई मानी जा रही है। इससे पहले DGCA ने इंडिगो के CEO को तलब किया था और ऑपरेशंस पर विशेष टीम बनायी थी।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now