रायपुर। छत्तीसगढ़ में बहुचर्चित आर्थिक अनियमितताओं की जांच कर रही आर्थिक अपराध अन्वेषण ब्यूरो (EOW) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कांग्रेस के प्रदेश कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल को गिरफ्तार कर लिया है।
लंबे समय से जांच में सहयोग के लिए उपलब्ध नहीं हो रहे रामगोपाल अग्रवाल बुधवार को EOW मुख्यालय पहुंचे, जहां पूछताछ के बाद उन्हें हिरासत में लेकर गिरफ्तार कर लिया गया। वहीं उनके बेटे वैभव अग्रवाल से लगातार दूसरे दिन भी पूछताछ जारी है।
एजेंसी की ओर से जारी प्रेस नोट के अनुसार, रामगोपाल अग्रवाल से फिलहाल कोयला लेवी घोटाला मामले में पूछताछ की जा रही है। एजेंसी का कहना है कि पूछताछ केवल इसी प्रकरण तक सीमित नहीं रहेगी, बल्कि शराब घोटाला, धान खरीदी से जुड़े मामलों तथा अन्य महत्वपूर्ण प्रकरणों में भी उनसे सवाल-जवाब किए जाएंगे।
रामगोपाल अग्रवाल का नाम शराब घोटाला, कोल लेवी, DMF और कस्टम मिलिंग घोटाले में बतौर आरोपी दर्ज है। वहीं वैभव कोल लेवी घोटाले में नामजद आरोपी है।
राम गोपाल अग्रवाल करीब 3 वर्षों से फरार चल रहे थे। एजेंसी ने कई बार समन जारी किया था। इसके बाद भी वे नहीं आए तो वारंट जारी किया गया था।
स्थायी वारंट के बाद हुई कार्रवाई
EOW ने बताया कि रामगोपाल अग्रवाल के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विशेष अदालत से स्थायी वारंट जारी किया गया था। जांच के दौरान वे लंबे समय तक उपलब्ध नहीं हो रहे थे।
बुधवार को उनके EOW कार्यालय पहुंचने के बाद उन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की गई और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रेस नोट के मुताबिक, कोयला लेवी मामले की जांच के दौरान सूर्यकांत तिवारी से जब्त डायरी में कांग्रेस भवन के नाम पर करोड़ों रुपये की एंट्री मिली थी। अब तक की जांच में एजेंसी का दावा है कि यह राशि रामगोपाल अग्रवाल द्वारा कांग्रेस भवन में प्राप्त की गई थी।
EOW अब इस राशि के स्रोत, इसे पहुंचाने वाले व्यक्तियों, धन के उपयोग और उससे जुड़े अन्य वित्तीय लेनदेन की विस्तृत जांच कर रही है।
शराब और धान घोटाले में भी होंगे सवाल
जांच एजेंसी का दावा है कि शराब घोटाले की जांच में भी ऐसे तथ्य सामने आए हैं, जिनके अनुसार कारोबारी अनवर ढेबर और उसके सहयोगियों द्वारा करोड़ों रुपये कांग्रेस भवन में रामगोपाल अग्रवाल तक पहुंचाए गए थे। इसी प्रकार धान से जुड़े प्रकरण में भी रोशन चंद्राकर द्वारा करोड़ों रुपये कांग्रेस भवन तक पहुंचाने के संबंध में तथ्य सामने आने का दावा किया गया है।
EOW का कहना है कि इन दोनों मामलों में भी राशि के संग्रह, परिवहन, उपयोग और संबंधित व्यक्तियों की भूमिका को लेकर रामगोपाल अग्रवाल से विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
वैभव अग्रवाल से लगातार दूसरे दिन पूछताछ
इस बीच रामगोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव अग्रवाल से भी लगातार दूसरे दिन ईओडब्ल्यू कार्यालय में पूछताछ जारी है। एजेंसी उनके कथित वित्तीय लेनदेन, कंपनियों से जुड़े दस्तावेजों, संपर्कों और अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की जांच कर रही है।
सूत्रों के मुताबिक, वैभव से मिले इनपुट और दस्तावेजों का भी जांच में मिलान किया जा रहा है।
EOW ने स्पष्ट किया है कि पूछताछ के दौरान प्राप्त तथ्यों, दस्तावेजों, डिजिटल साक्ष्यों और अन्य उपलब्ध सामग्री के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जांच एजेंसी अन्य संबंधित व्यक्तियों से भी पूछताछ कर सकती है।
यह भी पढ़ें: कांग्रेस कोषाध्यक्ष रामगोपाल अग्रवाल के बेटे वैभव अग्रवाल से EOW की मैराथन पूछताछ









