NEET पेपर लीक को लेकर जंतर-मंतर पर CJP का प्रदर्शन, शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

CJP

नई दिल्ली। NEET पेपर लीक मामले को लेकर कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) ने शनिवार को राजधानी दिल्ली के जंतर-मंतर पर बड़ा प्रदर्शन किया। पार्टी ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग करते हुए पांच दिन का अल्टीमेटम दिया है। चेतावनी दी गई है कि मांगें नहीं मानी गईं तो 13 जून को फिर से जंतर-मंतर पर प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदर्शन का नेतृत्व CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके ने किया। अमेरिका से दिल्ली लौटने के बाद वे सीधे एयरपोर्ट से जंतर-मंतर पहुंचे। प्रदर्शन में सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक भी शामिल हुए। मंच से दोनों नेताओं ने प्रदर्शनकारियों को शांतिपूर्ण तरीके से अपनी बात रखने की अपील की।

CJP के प्रवक्ता आशुतोष रांका भी प्रदर्शन में मौजूद रहे। पार्टी का दावा है कि प्रदर्शन में हजारों लोग शामिल हुए, जिनमें बड़ी संख्या युवाओं की थी। जंतर-मंतर पर शिक्षा व्यवस्था और NEET पेपर लीक मामले को लेकर केंद्र सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई।

प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली पुलिस ने राजधानी में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी थी। इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे, नई दिल्ली रेलवे स्टेशन, बस अड्डों और दिल्ली के विभिन्न बॉर्डर पॉइंट्स पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया था। जंतर-मंतर और आसपास के इलाकों में भी सुरक्षा बढ़ाई गई थी। बताया गया कि 1000 से अधिक पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई थी।

प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने छह लोगों को एहतियातन हिरासत में लिया। पुलिस को आशंका थी कि प्रदर्शन के समर्थकों और विरोधियों के बीच तनाव की स्थिति बन सकती है। हालांकि, पूरे कार्यक्रम के दौरान कोई बड़ी अप्रिय घटना सामने नहीं आई।

सुबह करीब 10 बजे शुरू हुआ प्रदर्शन दोपहर 3 बजे तक चला। इसके बाद अभिजीत दीपके और सोनम वांगचुक वहां से रवाना हो गए। धीरे-धीरे प्रदर्शनकारी भी स्थल से लौटने लगे और जंतर-मंतर खाली होने लगा।

इस बीच महाराष्ट्र के पुणे स्थित अभिजीत दीपके के निवास के बाहर भी पुलिस बल तैनात किया गया। घर के बाहर बैरिकेडिंग की गई और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई। हालांकि उनके परिवार ने मीडिया से बातचीत करने से इनकार कर दिया।

प्रदर्शन के समापन पर अभिजीत दीपके ने कहा कि शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान पांच दिनों के भीतर इस्तीफा दें। उन्होंने कहा कि यदि सरकार उनकी मांग पर कोई कदम नहीं उठाती है तो 13 जून को जंतर-मंतर पर दोबारा बड़ा प्रदर्शन किया जाएगा।

NEET पेपर लीक मामले को लेकर देशभर में लगातार राजनीतिक और सामाजिक प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। ऐसे में जंतर-मंतर पर हुआ यह प्रदर्शन आने वाले दिनों में इस मुद्दे को और अधिक राजनीतिक रंग दे सकता है।

यह भी पढ़ें: मोदी के भारी प्रशंसक निकले कॉकरोच जनता पार्टी के मुख्य प्रवक्ता, यूपी में सरकार बनने और जीएसटी पर जमकर दी बधाई

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now