रायपुर। छत्तीसगढ़ के सामाजिक और आरटीआई कार्यकर्ता कुणाल शुक्ला (Kunal Shukla) के खिलाफ कथित अमेरिकी नागरिक हिमायानी पुरी द्वारा दिल्ली हाईकोर्ट में सिविल सूट दायर किया गया है। यह मामला सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर किए गए पोस्ट से जुड़ा बताया जा रहा है। इस मामले की सुनवाई 17 मार्च को होने की संभावना है।
कुणाल शुक्ला का कहना है कि उनके द्वारा सोशल मीडिया पर किए गए कुछ पोस्ट में अमेरिकी नागरिक हिमायानी पुरी, केंद्रीय मंत्री Hardeep Singh Puri और Jeffrey Epstein से जुड़े मुद्दों का उल्लेख किया गया था। इसी को आधार बनाकर हिमायानी पुरी ने दिल्ली हाईकोर्ट में उनके खिलाफ सिविल सूट दायर किया है।
शुक्ला का आरोप है कि उनके पोस्ट के बाद उनका X (ट्विटर) अकाउंट भारत में पहले ही सरकार के अनुरोध पर ‘Withheld’ यानी रोक लगा दी गई है। उन्होंने कहा कि इस घटनाक्रम ने देश में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर कई गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
कुणाल शुक्ला ने कहा कि देश में लाखों मुकदमे अदालतों में लंबित हैं और आम नागरिकों को वर्षों तक न्याय की प्रतीक्षा करनी पड़ती है, ऐसे में एक विदेशी नागरिक के मामले में इतनी शीघ्र सुनवाई तय होना न्यायिक प्राथमिकताओं पर भी प्रश्न उठाता है।
उन्होंने ने कहा कि एक भारतीय नागरिक होने के नाते वह यह सवाल उठा रहे हैं कि क्या देश में संविधान द्वारा दिए गए फ्रीडम ऑफ एक्सप्रेशन और फ्रीडम ऑफ स्पीच को लेकर समान अवसर मौजूद हैं या नहीं।
इस मामले में कुणाल शुक्ला की ओर से उनके लीगल एडवाइजर अधिवक्ता गगन जोशी पैरवी कर रहे हैं।






