छत्तीसगढ़ में मुख्यमंत्री साय को बदले जाने का दावा करने वाले ‘चावल वाले बाबा’ दुष्कर्म के आरोप में गिरफ्तार, अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे पुराने वीडियो

Chawal Wale Baba

रायपुर। छत्तीसगढ़ में ‘चावल वाले बाबा’ (Chawal Wale Baba) के नाम से चर्चित नरेंद्र नयन शास्त्री को महासमुंद पुलिस ने दुष्कर्म के एक मामले में गिरफ्तार किया है। एक महिला की शिकायत पर दर्ज अपराध के बाद पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया शुरू कर दी है।

नरेंद्र नयन शास्त्री पिछले कुछ वर्षों में अपने कथित भविष्यवाणियों और धार्मिक आयोजनों के कारण प्रदेशभर में चर्चित रहे हैं। हाल ही में उन्होंने छत्तीसगढ़ की भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के बदले जाने का दावा किया था।

अपने वीडियो में वह यह दावा करते नजर आए कि वे ही बताते हैं कि कौन सा विधायक कितने वोट से जीतेगा। साथ ही यह भी दावा किया कि उन्होंने पहले ही बता दिया था कि 2023 में भाजपा छत्तीसगढ़ में किसे मुख्यमंत्री बनाने जा रही है। इसके अलावा 2024 के लोकसभा चुनाव में भी प्रधानमंत्री मोदी को मिलने वाली सीटों को पहले से बताने का दावा उन्होंने किया है।

उनके दरबार में नेताओं, अधिकारियों और आम लोगों की भीड़ लगने की बातें अक्सर सामने आती रही हैं। सोशल मीडिया पर भी उनके कई वीडियो वायरल होते रहे हैं, जिनमें वे चुनावी नतीजों, राजनीतिक घटनाक्रमों और सत्ता परिवर्तन जैसी बातों को लेकर भविष्यवाणी करते नजर आते हैं।

महासमुंद पुलिस के अनुसार, 6 जून को एक महिला द्वारा शिकायत दर्ज कराई गई थी। शिकायत के आधार पर बागबाहरा थाना में नरेंद्र नयन शास्त्री के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 376(2)(j), 376(2)(n) और 376(2)(m) के तहत अपराध पंजीबद्ध किया गया।

मामले की प्रारंभिक जांच के बाद पुलिस ने 9 जून को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। महासमुंद पुलिस ने प्रेस नोट जारी कर गिरफ्तारी की पुष्टि की है।

गिरफ्तारी के बाद नरेंद्र नयन शास्त्री के पुराने वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से साझा किए जा रहे हैं। इन वीडियो में वे विभिन्न राजनीतिक और सामाजिक घटनाओं को लेकर भविष्यवाणियां करते दिखाई देते हैं।

हालांकि, गिरफ्तारी के बाद उनके दावों और सार्वजनिक छवि को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। कई लोग सवाल उठा रहे हैं कि भविष्य बताने का दावा करने वाले व्यक्ति पर इतने गंभीर आरोप लगने के बाद उनकी विश्वसनीयता को किस नजरिए से देखा जाए।

मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारियों ने फिलहाल जांच से जुड़े अधिक विवरण सार्वजनिक नहीं किए हैं। बताया जा रहा है कि आरोपी के प्रभावशाली लोगों से संबंध होने के कारण पुलिस पूरे मामले में सावधानीपूर्वक कार्रवाई कर रही है।

फिलहाल इस हाई-प्रोफाइल मामले पर पूरे प्रदेश की नजरें टिकी हुई हैं और आगे की न्यायिक कार्रवाई का इंतजार किया जा रहा है।

दानिश अनवर

दानिश अनवर, द लेंस में जर्नलिस्‍ट के तौर पर काम कर रहे हैं। उन्हें पत्रकारिता में करीब 14 वर्षों का अनुभव है। द लेंस से पहले दैनिक भास्‍कर में इन्‍वेस्टिगेटिव रिपोर्टिंग टीम में सीनियर रिपोर्टर, नवभारत में क्राइम रिपोर्टर, नईदुनिया में स्पोर्ट्स जर्नलिस्ट और पत्रिका अखबार में रिपोर्टर के तौर पर 10 साल काम किया। इन सभी अखबारों में दानिश अनवर ने विभिन्न विषयों जैसे- क्राइम, पॉलिटिकल, एजुकेशन, स्‍पोर्ट्स, कल्‍चरल और स्‍पेशल इन्‍वेस्टिगेशन स्‍टोरीज कवर की हैं। दानिश को प्रिंट का अच्‍छा अनुभव है। वह सेंट्रल इंडिया के कई शहरों में काम कर चुके हैं।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories