बिलासपुर में बर्ड फ्लू की पुष्टि, 5000 से अधिक मुर्गियां मरीं, 10 किमी एरिया में अलर्ट

March 25, 2026 10:17 AM

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर जिले में सरकारी कुक्कुट पालन प्रक्षेत्र कोनी में एवियन इन्फ्लूएंजा (bird flu) का मामला सामने आया है। पशुपालन विभाग के अधिकारियों के अनुसार, 19 से 24 मार्च के बीच यहां करीब 4400 मुर्गियां मर गईं। कुल 5037 मुर्गियां वहां रखी गई थीं। मृत पक्षियों के सैंपल भोपाल की लैब में जांच के लिए भेजे गए थे, जहां H5N1 वायरस की पुष्टि हुई है।

जिला कलेक्टर और जिला दंडाधिकारी संजय अग्रवाल ने तत्काल प्रभाव से नियंत्रण और रोकथाम के निर्देश जारी कर दिए हैं। पशुपालन एवं डेयरी विभाग के रिवाइज्ड एक्शन प्लान 2021 के तहत रैपिड रिस्पांस टीम गठित की गई है। इन टीमें संक्रमित पक्षियों को नष्ट करने, क्षेत्र की सफाई-कीटाणुशोधन और निगरानी का काम करेंगी।प्रशासन ने संक्रमित फार्म के 1 किलोमीटर के दायरे को इंफेक्टेड जोन और 10 किलोमीटर क्षेत्र को सर्विलांस जोन घोषित कर दिया है। इन इलाकों में साइन बोर्ड लगाए जा रहे हैं।

कुक्कुट पक्षियों की खरीद-बिक्री और आवागमन पर सख्त निगरानी रखी जा रही है। राजस्व, पुलिस, नगरीय प्रशासन और पंचायत विभाग के साथ समन्वय से मृत पक्षियों और अपशिष्ट का सुरक्षित निपटान किया जाएगा। फार्म में काम करने वाले कर्मचारियों की स्वास्थ्य जांच भी शुरू कर दी गई है। यदि किसी में लक्षण दिखें तो सैंपल लेकर जांच की जाएगी और जरूरत पड़ने पर एंटीवायरल दवाएं दी जाएंगी।

जिले के सभी कुक्कुट विक्रय केंद्रों पर भी सतर्क नजर रखी जा रही है।अभी तक लोगों में संक्रमण की कोई पुष्टि नहीं हुई है, लेकिन स्वास्थ्य विभाग सतर्क है। आम जनता को सलाह दी गई है कि मरे हुए या बीमार पक्षियों को न छुएं और किसी भी असामान्य लक्षण पर तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें।

पूनम ऋतु सेन

पूनम ऋतु सेन युवा पत्रकार हैं, इलेक्ट्रिकल और इलेक्ट्रॉनिक्स इंजीनियरिंग में बीटेक करने के बाद लिखने,पढ़ने और समाज के अनछुए पहलुओं के बारे में जानने की उत्सुकता पत्रकारिता की ओर खींच लाई। विगत 5 वर्षों से वीमेन, एजुकेशन, पॉलिटिकल, लाइफस्टाइल से जुड़े मुद्दों पर लगातार खबर कर रहीं हैं और सेन्ट्रल इण्डिया के कई प्रतिष्ठित मीडिया संस्थानों में अलग-अलग पदों पर काम किया है। द लेंस में बतौर जर्नलिस्ट कुछ नया सीखने के उद्देश्य से फरवरी 2025 से सच की तलाश का सफर शुरू किया है।

Join WhatsApp

Join Now

Join Telegram

Join Now

Related Stories