विदिशा। मध्य प्रदेश के विदिशा में एक किशोरी को सड़क के किनारे कूड़े में फेंके हुए खाने को खाते हुआ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद तीन विभाग उसकी तलाश में जुट गए हैं। वहीं इस मामले में कांग्रेस ने राज्य सरकार को घेरते हुए इसे भाजपा सरकार की नाकामी बताया है।
विदिशा नगर पालिका के साथ सामाजिक न्याय विभाग और महिला बाल विकास विभाग के कर्मचारी उस लड़की को ढूंढने में लगे हैं मगर अब तक उसका कोई अता पता नहीं चल सका।
मीडिया खबरों के अनुसार नगर पालिका के मुख्य अधिकारी दुर्गेश सिंह ठाकुर ने कहा कि रविवार शाम से सोमवार तक शहर के विभिन्न हिस्सों में खोजबीन की गई लेकिन लड़की नहीं मिली। टीमों ने सांची मार्ग बस अड्डा और रेलवे स्टेशन इलाके में भी छानबीन की।
बस स्टैंड पर मौजूद कुछ दुकानदारों का कहना है कि दो दिन पहले वह किशोरी रायसेन से आने वाली बस से उतरी थी। महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी संतोष रघुवंशी ने बताया कि शहर के कई डेरों और राहत शिविरों में भी पूछताछ की गई पर कोई सफलता नहीं मिली।
कांग्रेस ने बताया भाजपा सरकार की नाकामी
इस वीडियो के कारण राजनीतिक गलियारों में भी तीखी प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि विदिशा से आई यह दिल दहला देने वाली तस्वीर भाजपा के लंबे शासन की असफलता को उजागर करती है। गरीब कल्याण की योजनाओं के नाम पर रोटियां गरीबों तक पहुंचने से पहले खराब हो जाती हैं जबकि जरूरतमंद लोग कूड़े से पेट भरने को मजबूर हैं।
वहीं मध्य प्रदेश कांग्रेस ने भी यह वीडियो अपने सोशल मीडिया हैंडल से शेयर किया है।है। जिसमें सवाल उठाये हुए कहा है कि गरीब कल्याण की योजनाओं के नाम पर रोटियां गरीबों तक पहुंचने से पहले ही सड़ जाती है!
दरअसल सोमवार को एक स्थानीय संवाददाता ने सड़क किनारे बिखरे खाने के पैकेट से खाती किशोरी का वीडियो ऑनलाइन डाला था। वीडियो के वायरल होते ही प्रशासन में हड़कंप मच गया और नगर पालिका सामाजिक न्याय विभाग तथा महिला बाल विकास विभाग की संयुक्त टीमें उसकी खोज में लग गईं।

