पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 के अंतिम और दूसरे चरण के लिए आज वोट डाले गए। इस चरण में कुल 122 सीटों पर मतदान हुआ। चुनाव आयोग के आंकड़ों के अनुसार सुबह 9 बजे तक राज्य में औसतन 14.55 प्रतिशत मतदान हुआ। दोपहर एक बजे तक 47.62 फीसदी मतदान दर्ज किया जा चुका है।
जैसे जैसे दिन चढ़ता गया वोटिंग का प्रतिशत बढ़ता गया। बिहार चुनाव में बंपर मतदान हुआ है। शाम पांच तक 67.14% वोटिंग का आंकड़ा चुनाव आयोग ने जारी किया है। फिलहाल यह अंतिम आंकड़ा नहीं है।
आज वोटिंग वाले जिलों में गया, कैमूर, रोहतास, औरंगाबाद, अरवल, जहानाबाद, नवादा, भागलपुर, बांका, जमुई, सीतामढ़ी, शिवहर, मधुबनी, सुपौल, पूर्णिया, अररिया, कटिहार, किशनगंज, पूर्वी चंपारण और पश्चिमी चंपारण शामिल हैं।

चुनाव आयोग के मुताबिक, इस चरण में कुल 1,302 प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें 1,165 पुरुष, 136 महिलाएं और 1 ट्रांसजेंडर उम्मीदवार हैं। करीब 3.7 करोड़ से ज्यादा मतदाता अपने मताधिकार का इस्तेमाल कर सकते हैं, जिनमें 1.95 करोड़ पुरुष और 1.74 करोड़ महिला वोटर हैं।
पप्पू यादव ने लगाया गड़बड़ी का आरोप
पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव ने वोट डालने के बाद आरोप लगाया कि उनके क्षेत्र के कई मतदान केंद्रों पर अनियमितता हो रही है। उन्होंने कहा कि ईवीएम में छेड़छाड़ कर वोट चोरी की जा रही है और यह पूरी तरह गलत है।
वहीं, कुछ बूथों पर तकनीकी खराबी के चलते मतदान में देरी हुई। सीतामढ़ी के बूथ नंबर 168, 169, 293, 233, किशनगंज के बूथ नंबर 325, 326, पूर्णिया के बूथ नंबर 89, अरवल के बूथ नंबर 306 और मोतिहारी के बूथ नंबर 246, 340, 110, 111, 109 पर ईवीएम खराब होने की वजह से वोटिंग कुछ देर रुकी रही।
यहां हुआ मतदान बहिष्कार
बिहार के रोहतास जिले में चेनारी विधानसभा क्षेत्र के शिवसागर प्रखंड के अंतर्गत मध्य विद्यालय कोनकी में स्थित बूथ नंबर 204 पर मतदाताओं ने पूरी तरह वोटिंग का बहिष्कार कर दिया। सुबह से लेकर अब तक एक भी व्यक्ति ने मतदान नहीं किया और गांव वाले अपने निर्णय पर डटे हुए हैं।
ग्रामीणों की नाराजगी की वजह यह है कि कोनकी में पंचायत भवन बनना था, लेकिन उसे दूसरे गांव में शिफ्ट कर दिया गया। बार-बार आवेदन देने के बावजूद अधिकारियों ने कोई ध्यान नहीं दिया, जिससे लोगों का प्रशासन पर से विश्वास उठ गया।
इसी तरह पूर्णिया जिले के कसबा विधानसभा क्षेत्र में झुन्नी इस्तम्बरार पंचायत के वार्ड नंबर-7 के सिमोदी रहिका टोल में करीब एक हजार से ज्यादा मतदाताओं ने एकजुट होकर वोटिंग से दूरी बना ली। उनका साफ कहना है कि आजादी के 75 साल बाद भी सड़क नहीं बनी तो वोट क्यों दें। यह ऐतिहासिक बहिष्कार मूलभूत सुविधाओं से लगातार वंचित रहने की उनकी पीड़ा को उजागर करता है।
घोसी दो गुटों में झड़प
वहीं जहानाबाद जिले के घोसी विधानसभा क्षेत्र के हरदासपुर गांव में बूथ नंबर 220 के बाहर दो राजनीतिक गुटों में जोरदार झड़प हो गई। इस टक्कर में चार लोग चोटिल हो गए। स्थानीय लोगों के मुताबिक, वोटिंग को लेकर विवाद शुरू हुआ था। सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत पहुंची और स्थिति को काबू में कर लिया।

