नई दिल्ली। बिहार विधानसभा चुनाव (Bihar Election) के पहले चरण की चुनावी प्रक्रिया आज से शुरू होने जा रही है। इस बीच राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन यानि एनडीए और महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर चल रही बातचीत अब अंतिम दौर पर है।
एनडीए में सीटों के बंटवारे में बड़ा पेंच चिराग पासवान और जीतन राम मांझी की ओर से आ रहा है हांलाकि खबर है कि जीतन राम मांझी को साध लिया गया है।
उधर भाजपा के वरिष्ठ नेता और केंद्रीय मंत्री नित्यानंद राय ने कल नई दिल्ली में लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान से मुलाकात की।
महागठबंधन के सहयोगी दलों राष्ट्रीय जनता दल, कांग्रेस, वामपंथी दल और वीआईपी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर गतिरोध को समाप्त करने की कोशिश की जा रही है। कांग्रेस ने राजद को सीधे ताकीद किया है कि जल्द से जल्द सीटों का बंटवारा और मुख्यमंत्री का के नाम की घोषणा सुनिश्चित करें नहीं तो कांग्रेस अपने उम्मीदवारों की घोषणा करना शुरू कर देगी।
बीजेपी राजद और कांग्रेस की बैठक
बिहार विधानसभा चुनाव को लेकर 11 अक्टूबर को बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं की दिल्ली में एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई गई है। इस बैठक में उम्मीदवारों के नाम और चुनावी रणनीति पर चर्चा होने की संभावना है। राजद के बारे में सूचना आ रही है कि कांग्रेस के दबाव के बीच बिहार विधानसभा चुनाव में उम्मीदवारों के नाम और चुनावी रणनीति पर विचार करने के लिए आरजेडी संसदीय दल की आज पटना में बैठक बुलाई गई है। दोपहर में बुलाई गई इस बैठक में आरजेडी लालू प्रसाद की ओर से उम्मीदवारों के नाम पर सहमति प्रदान किए जाने की संभावना है। इस बीच जनसुराज में 53 उम्मीदवारों की सूची जारी किये जाने के बाद पैसे लेकर टिकट बांटने के आरोप तेज हो गए हैं ।
सीएम के नाम को लेकर कांग्रेस में बमचक
महागठबंधन के घटक दलों राजद, कांग्रेस, वामपंथी दलों और वीआईपी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर अभी भी गतिरोध की स्थिति बनी हुई है। साथ ही मुख्यमंत्री और उप मुख्यमंत्री पद के चेहरे को लेकर भी संशय की स्थिति बनी हुई है।
कांग्रेस नेता और वरिष्ठ पर्यवेक्षक भूपेश बघेल ने कहा कि महागठबंधन के घटक दल मिलकर यह तय करेंगे कि मुख्यमंत्री पद का चेहरा कौन होगा। हालांकि पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश प्रसाद ने कहा है कि मुख्यमंत्री तेजस्वी ही बनेंगे। अखिलेश प्रसाद सिंह को लालू प्रसाद यादब का नजदीकी माना जाता है।
चिराग 40 पर अड़े
एनडीए में चिराग पासवान 40 सीट पर तो जीतन राम मांझी 15 सीट पर अड़े हुए हैं एलजेपी नेता चिराग पासवान को मनाने के लिए बीजेपी नेता नित्यानंद राय गुरूवार को चौथी बार उनके आवास पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि वह बीजेपी की तरफ से अंतिम प्रस्ताव लेकर गए हैं, जिसमें 25 सीटों के साथ एक राज्यसभा और एक विधान परिषद सीट शामिल है। चिराग पासवान अब 40 से घटकर 35 पर पहुंचे हैं।
कहां फंसा है महागठबंधन में पेंच
आगामी बिहार विधानसभा चुनावों के लिए सीट बंटवारे को लेकर राजद (RJD) और कांग्रेस के बीच चली आ रही वार्ता अब भी किसी नतीजे पर नहीं पहुंच सकी है। बीते कुछ दिनों में हुई कई बैठकों के बावजूद दोनों दलों के बीच पांच सीटों पर तकरार जारी है। उन सीटों में बायसी, बहादुरगंज, रनीगंज, कहलगांव और सहरसा शामिल है। दोनों में से कोई भी पार्टी इन सीटों पर समझौते के लिए तैयार नहीं है। इसके अलावा मुख्यमंत्री के चेहरे को लेकर भी अभी तक आपसी सहमति नहीं बन सकती है।
कांग्रेस ने 25 नाम किये फाइनल
सीट बंटवारे पर गतिरोध के बावजूद कांग्रेस ने 25 उम्मीदवारों के नाम को अंतिम रूप दे दिया है। पार्टी की केंद्रीय चुनाव समिति (CEC) की बुधवार को दिल्ली में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। इनमें पांच मौजूदा विधायक शामिल हैं । कांग्रेस विधायक दल के नेता शकील अहमद खान (कटवा), प्रदेश अध्यक्ष राजेश राम (कुटुंबा) सहित अन्य का टिकट फाइनल हो गया है। आपको बता दें कि आज बिहार स्क्रीनिंग कमेटी की बैठक होगी जिसमें शेष सीटों के नामों पर चर्चा की जाएगी।
आज से नामांकन शुरू
बिहार विधानसभा चुनाव के पहले चरण के तहत 121 सीटों के लिए आज अधिसूचना जारी होने के साथ ही नामांकन की प्रक्रिया भी शुरू हो जायेगी। प्रत्याशी 17 अक्टूबर तक नामांकन दाखिल कर सकते हैं। 18 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी और उम्मीदवार 20 अक्टूबर तक नाम वापस ले सकेंगे। पहले चरण का मतदान छह नवम्बर को होना है।

